नंदगंज। थाना क्षेत्र के दवोपुर गांव के सामने गाजीपुर-वाराणसी मार्ग पर सोमवार की सुबह नौ बजे कार और आटो की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। हादसे में मासूम बच्ची की मौत हो गई। जबकि पांच अन्य लोग घायल हो गए। हादसे के बाद चालक कार समेत फरार हो गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। नैसारे गांव निवासी सुखराम के घर कुछ दिन पूर्व शादी में उनकी पुत्री रेनू अपने तीन छोटे बच्चों के साथ आई थी। शादी खत्म होने के बाद वह सोमवार को आटो से अपने बच्चों संग ससुराल करंडा थाना के प्रतापपुर जा रही थी। चालक नैसारे पेट्रोल पंप से डीजल लेकर जैसे ही आटो लेकर फोरलेन पर पहुंचा। गाजीपुर से वाराणसी की तरफ जा रही कार ने सामने से जोरदार टक्कर मार दी, जिससे आटो पलट गया। हादसे में आटो चालक सहित पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने सभी घायलों को लाकर सैदपुर अस्पताल में भर्ती कराया। वहीं अर्पिता (3) को डाक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। आटो चालक सेराज निवासी बरहपुर का पैर फ्रैक्चर होने पर उसे वाराणसी के लिए रेफर कर दिया। घायल रेनू देवी, रानी, लक्की और छोटू को प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने घर भेज दिया। थानाध्यक्ष सतेंद्र राय ने बताया कि मासूम के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। परिजनों की ओर से तहरीर मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।