गाजीपुर। नगर कोतवाली के चौकिया मोड़ के पास सोमवार की देर रात बोलेरो-बाइक की आमने-सामने की टक्कर में मृत युवकों की शिनाख्त मंगलवार को हुई। दोनों युवक चचेरे भाई थे। परिजनों के पहुंचने के बाद दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इधर हादसे के बाद परिजन बिलखते रहे। मुहम्मदाबाद कोतवाली क्षेत्र के करनपुरा गांव के दो चचेरे भाई रामप्रवेश (30) और रामप्रकाश (32) बाइक से शादी का कार्ड बांटने के लिए गए थे। निमंत्रण बांटकर दोनों बाइक से घर आ रहे थे। चौकिया मोड़ के पास सामने से आ रही अनियंत्रित तेज रफ्तार बोलेरो ने सामने से टक्कर मार दिया। इस घटना में दोनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस दोनों शव को कब्जे में लेने के साथ शिनाख्त में जुट गई। काफी देर बाद भी दोनों शवों की पहचान नहीं होने पर मर्चरी हाउस में सुरक्षित रखवा दिया गया था। इधर सुबह सड़क दुर्घटना की जानकारी मिलते ही परिवार के सदस्य मर्चरी हाउस पहुंच गए और दोनों युवकों के शव को देखकर बिलखने लगे। पुलिस ने परिजनों के आने के बाद पोस्टमार्टम कराने के बाद दोनों शव को परिवार को सुपुर्द कर दिया। इस संबंध में कोतवाल विमल कुमार मिश्रा ने बताया कि मृतकों के परिजनों की तहरीर पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर तलाश शुरु कर दी गई है।