नंदगंज थाने में मृतक के परिजन एवं अन्य लोग।
- फोटो : GHAZIPUR
नंदगंज। थाना क्षेत्र के पहाड़पुर चौराहे के पास रविवार की देर रात बाइक में अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। सिर में गंभीर चोट लगने से एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई जबकि दो घायल हो गए। जिन्हें पुलिस ने जिला अस्पताल में भर्ती कराया। परिजन की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। बलिया जिले के रसड़ा थाना क्षेत्र के अमहर पट्टी निवासी बलवंत लाल (40) नंदगंज थाना क्षेत्र के नैसारा पेट्रोल पंप पर काम करता था। रविवार की रात 10 बजे पेट्रोल पंप पर तैनात रामशीष यादव (47) को उसके पहाड़पुर स्थित घर पर छोड़ने के लिए वह अपने साथी श्रवण यादव (35) के साथ बाइक से निकला। अभी वह पहाड़पुर चौराहे से डेरा की ओर मुड़े थे कि वाराणसी की ओर से आ रहे अज्ञात वाहन ने बाइक में पीछे से जोदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। बाइक चला रहे बलवंत लाल के हेलमेट न पहनने से उसके सिर में गंभीर चोट लगी और मौके पर ही उसने दम तोड़ दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजवाने के साथ दोनों घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। मृतक बलवंत लाल तीन भाइयों में सबसे छोटा था। अपने परिवार का भरण पोषण करने के लिए वह बीते सात वर्षो से पेट्रोल पंप पर कार्यरत था। घटना के बाद भाई हिटलर, पत्नी रिंकू देवी तथा उसके दोनों पुत्र बिलखते रहे। थाना प्रभारी सत्येंद्र राय ने बताया कि मृतक के भाई हिटलर की तहरीर पर अज्ञात वाहन चालक के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।