सैदपुर तहसील अंतर्गत फोरलेन पर ट्रक की जद में आने से वेल्डर की मौत के बाद रोते- बिलखते परिजन।
- फोटो : GHAZIPUR
औड़िहार। सैदपुर कोतवाली के रामतवक्का गांव के पास निर्माणाधीन फोरलेन पर सोमवार को ट्रक की जद में आने से बाइक सवार वेल्डर की मौत हो गई। जबकि बेटी गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे के बाद चालक मौके पर ट्रक छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने शव को पीएम को भेजा और ट्रक को कब्जे में लिया। उधर सीएचसी सैदपुर के चिकित्सकों ने घायल को उपचार के लिए वाराणसी ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया। मौत की खबर से परिजन बिलख उठे। खानपुर थाना क्षेत्र के नईकोट निवासी ईश्वरचंद्र मौर्य (48) गोपालपुर गांव में किसी दुकान पर वेल्डिंग का कार्य करते थे। सुबह वह बाइक से अपनी पुत्री सपना को दवा दिलाने सैदपुर आए थे। वापस घर जाते समय राम तवक्का के पास निर्माणाधीन फोरलेन पर वाराणसी की ओर से आ रहे तेज रफ्तर ट्रक ने सामने से बाइक में धक्का मार दिया। ईश्वरचं के सिर व कमर में गंभीर चोट आई तो पुत्रीभी गंभीर रूप घायल हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल पिता-पुत्री को उपचार के लिए सीएचसी सैदपुर पहुंचाया। जहां डाक्टरों ने वेल्डर को मृत घोषित कर दिया जबकि पुत्री को उपचार के लिए ट्रामा सेंटर वाराणसी रेफर कर दिया गया। कोतवाल रविंद्र भूषण मौर्य ने बताया कि ट्रक को कब्जे में लेकर चालक की तलाश की जा रही है।