पूरे हो चुके पंचायत भवन में ग्राम सचिवालय के संचालन का दिया निर्देश
संवाद न्यूज एजेंसी
गाजीपुर। राइफल क्लब में रविवार को राज्य मंत्री ग्राम्य विकास विभाग एवं समग्र ग्राम विकास, ग्रामीण अभियंत्रण विजय लक्ष्मी गौतम की अध्यक्षता और एमएलसी विशाल सिंह चंचल की उपस्थिति में विकास कार्यों की समीक्षा बैठक हुई।
मंत्री ने प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री आवास योजना, सांसद निधि, विधायक निधि से कराए गए कार्य, सांसद आदर्श ग्राम योजना, ग्राम पंचायतों में संचालित ग्राम सचिवालय के संचालन की जानकारी, मनरेगा, खेल मैदान, अमृत सरोवर, स्वयं सहायता समूह, जल जीवन मिशन (ग्रामीण) और आईजीआरएस पर प्राप्त शिकायतों एवं उसके निस्तारण की जानकारी ली। मंत्री ने कहा कि आवास योजना के तहत पात्र लाभार्थियों को चिह्नित करते हुए योजना का लाभ दिया जाए। किसी भी अपात्र का चयन न हो। इसके अतिरिक्त सांसद एवं विधायक निधि से कराये जा रहे विभिन्न विकास परक कार्यों का निर्धारित लक्ष्य के सापेक्ष ससमय एंव मानक के अनुरूप पूर्ण कराया जाए।
उन्होंने कहा कि सांसद आदर्श ग्राम में सरकार द्वार संचालित सभी योजनाओं में पारदर्शिता बरतते हुए पात्रों को लाभान्वित किया जाए। जिन-जिन ग्राम पंचायतों में पंचायत भवन पूर्ण हो चुके है वहां ग्राम सचिवालय का संचालन किया जाए तथा सरकार की योजनाओं की जानकारी दी जाए। उन्होंने सभी ग्राम पंचायतो में खेल मैदान का चिन्हिकरण करते हुए खेल मैदान बनाने तथा समस्त ग्राम पंचायतों में अमृत सरोवर का निर्माण कराते हुए अमृत सरोवर पर पाथ-वे, वृक्षारोपण, औषधीय पौधो का रोपण एवं ब्रेंच की उपलब्धता सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया।
उन्होंने सभी खंड विकास अधिकारियों को कार्यालय में प्रतिदिन दिन में 10 से 12 बजे के बीच जनसुनवाई करते हुए शिकायतों का निस्तारण करने का निर्देश दिया। अधिकारी जनसुनवाई के बाद ही क्षेत्र भ्रमण करेंगे। इसके अतिरिक्त शासन के निर्देश के क्रम प्रत्येक शुक्रवार को सभी विकास खंडो पर ग्राम चौपाल का आयोजन कर शिकायतों का तत्काल निस्तारण किया जाए।