शहर सहित जिले के विभिन्न ग्रामीण क्षेत्रों में सोमवार को दिन में झमाझम बारिश हुई। इससे पिछले कई दिनों से गर्मी से बेहाल लोगों को राहत तो मिली लेकिन शहर के कई इलाकों के साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में जलभराव से आवागमन प्रभावित रहा। पिछले कई दिनों से मौसम की बेरुखी से लोग परेशान थे। इससे राहत पाने के लिए लोग अच्छी बारिश की जरूरत महसूस कर रहे थे। आज सुबह धूप निकलने के बाद अचानक दिन में मौसम का मिजाज बदल गया। देखते ही देखते ठंडी हवाओं के साथ ही आसमान में बादल छा गए। कुछ देर बाद झमाझम बारिश शुरु हो गई। करीब आधा घंटा तेज बारिश होने के बाद शाम तक बूंदाबांदी का सिलसिला बना रहा। बारिश की वजह से बाजार में निकले लोगों को परेशानी हुई। बिना छाता और रेनकोट के बाहर निकले लोगों को उससे बचने के लिए आसपास की दुकानों की शरण लेनी पड़ी। बरसात से कई जगहों लंका से कचहरी जाने वाले मार्ग, रौजा, शास्त्रीनगर, पीरनगर, खजुरिया से आरटीआई मैदान जाने वाले मार्ग पर जलजमाव की समस्या उत्पन्न हो गई। बारिश बंद होने के बाद भी कई जगहों पर पानी लगा रहा। इससे आवागमन करने वालों को फजीहत का सामना करना पड़ा। सड़क पर लगे गंदे पानी में घुसकर लोगों को आना-जाना पड़ा। मुहम्मदाबाद संवाददाता के अनुसार नगर सहित ग्रामीण क्षेत्रों में सोमवार की दोपहर में जमकर बारिश हुई। इससे लोगों को गर्मी से तो राहत मिली लेकिन जलजमाव से जनजीवन अस्तव्यस्त हो गया। यूसुफपुर बाजार, मशीनरी रोड और धर्मशाला मोड़ पर मुख्य सड़क पर घुटने से अधिक पानी लग गया। नाले का गंदा पानी लोगों की दुकानों में घुस गया। मशीनरी रोड के दुकानदारों ने नगर पालिका प्रशासन पर आरोप लगाते हुए कहा कि पहले पानी बंद होने के 15 मिनट बाद सड़क पर लगा पानी हट जाता था लेकिन जब से नगर पालिका द्वारा हाटा रोड स्थित केशरीमोड़ पर बड़े नाले के ज्वाइंट पर जाली लगा दी गई है तब से बारिश बंद होने के घंटों बाद तक सड़क पर पानी लगा रह रहा है। इससे इस क्षेत्र के दुकानदारों के अलावा राहगीरों को काफी असुविधा उठानी पड़ती है। लोगों ने मशीनरी रोड पर दक्षिण तरफ नाली बनाने एवं उत्तर बने नाले की सफाई करने एवं केशरीमोड़ पर लगी जाली को हटाने की मांग की है। सुहवल संवाददाता के अनुसार क्षेत्र के विभिन्न ग्रामीण इलाकों में सोमवार को जबरदस्त बारिश होने से मौसम सुहाना हो गया। बारिश का पानी खेतों में जमा होने से किसानों के चेहरे खिल गए। तीन घंटे तक लगातार बारिश से कई निचले इलाकों के घरों में पानी भर गया। इसी तरह कई अन्य ग्रामीण क्षेत्रों में झमाझम बारिश होने से मौसम खुशगवार होने से लोगों को राहत मिली है।