गाजीपुर। अयोध्या में 22 जनवरी को श्रीराम मंदिर रामलला के प्राण-प्रतिष्ठा कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी है। प्रमुख मंदिरों में 16 से 22 जनवरी तक कार्यक्रमों का आयोजन होगा। शनिवार को कलेक्ट्रेट भवन में डीएम ने अधिकारियों संग बैठक कर रूपरेखा तैयार करने के साथ दिशा-निर्देश दिया।
अधिकारियों को निर्देशित किया कि भजन, कीर्तन, रामायण पाठ, रामकथा के माध्यम से भगवान श्रीराम के नैतिक, सामाजिक एवं मानव मूल्यों की स्थापना का आर्दश प्रस्तुत कर लोगों को जानकारी दी जाए। सभी 16 विकास खंडों, सातों तहसीलों और नगर पालिका परिषद और नगर पंचायतों में करीब 441 मंदिरों पर स्थानीय कलाकारों की ओर से भजन-कीर्तन का आयोजन होगा। ब्लाक और तहसील स्तर पर टीम गठित कर कार्यक्रम सकुशल भव्य रूप से आयोजित किया जाएगा। इस मौके पर सीएमओ डा. देश दीपक पाल, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अरुण सिंह, मुख्य विकास अधिकारी संतोष कुमार वैश्य आदि मौजूद रहे।
चलेगा सफाई अभियान, दमकेंगे सरकारी भवन
जिला प्रशासन की ओर से 14 से 22 जनवरी तक सभी नगर निकायों और पंचायती राज विभाग की ओर से विशेष सफाई अभियान चलाया जाएगा। सभी कार्यालयों/मंदिरों में प्रत्येक दिन वृहद सफाई अभियान चलाया जाएगा। 22 जनवरी को सभी मंदिरों पर दीपोत्सव कार्यक्रम के अलावा समस्त कार्यालयों पर भव्य सजावट, प्रकाश व्यवस्था कराई जाएगी।