लंका मैदान में बृहस्पतिवार को शुरू हुआ यूपी ट्रेड शो स्वदेशी मेला पहले ही दिन अव्यवस्था का शिकार बन गया। आयोजन स्थल पर बिजली की रोशनी न होने के कारण मुख्य अतिथि राज्यसभा सांसद डॉ. संगीता बलवंत को मोबाइल टॉर्च और गाड़ी की हेडलाइट की रोशनी में स्टाॅलों से खरीदारी करनी पड़ी। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। हालांकि हम इस वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करते है। कार्यक्रम की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पूरे आयोजन की किरकिरी होने लगी। शाम होते-होते कार्यक्रम स्थल पर अंधेरा छा गया। इसके पहले उन्होंने मेला का उद्घाटन किया। स्थानीय लोगों ने बताया कि मेले की जानकारी तक शहर में ठीक से नहीं पहुंची, न बैनर लगे, न प्रचार हुआ। वहीं, उद्योग विभाग के महाप्रबंधक प्रवीण मौर्या ने कहा कि प्रदर्शनी का पहला दिन था, तैयारी पूरी थी। बिजली कट गई, जिससे कुछ देर के लिए अंधेरा हो गया था।