सहकारिता रत्न से सम्मानित इफको के पूर्व निदेशक राजकुमार त्रिपाठी की तृतीय पुण्यतिथि पर बुधवार को नगर के तिवारी टोला स्थित मनोकामना देव संकटमोचन मंदिर परिसर में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया।
इस अवसर पर यूपीसीबी के पूर्व निदेशक पूर्व विधायक विरेंद्र सिंह ने कहा कि राजकुमार सहकारिता के अग्रणी नेता थे। उन्होंने राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय मंचों पर सहकारिता आंदोलन को अपना अमूल्य योगदान दिया है। पूर्व विधायक सिबगतुल्लाह अंसारी ने कहा कि वह बहुमुखी प्रतिभा के धनी थे। उनका हमारा लंबा साथ रहा है। वह अपने स्वभाव से किसी को भी अपना बना लेते थे उनकी कमी हमेशा खलेगी।
कार्यक्रम में भाजपा नेता सुनील सिंह ने कहा कि वह अंतर्राष्ट्रीय स्तर के सहकारी नेता थे। उन्होंने देश के सहकारिता आंदोलन को मजबूती प्रदान किया। विरेंद्र राय ने कहा कि वह बहुमुखी प्रतिभा के धनी थे, उनका सभी सम्मान करते थे। पूर्व ब्लाक प्रमुख रामायण सिंह यादव ने कहा कि राजकुमार त्रिपाठी कुशल शिक्षक, शिक्षाविद, साहित्यकार, पत्रकार एवं सहकारी नेता थे।
उनके असमय चले जाने से राष्ट्रीय स्तर पर सहकारिता आंदोलन को अपूरणीय क्षति पहुंची है। इससे पहले आचार्य पंडित अभिषेक तिवारी एवं अजय उपाध्याय की देखरेख में विष्णु सहस्त्र नाम का हवन-पूजन हुआ।
श्रद्धांजलि अर्पित करने वालों में इफको के निदेशक विजयशंकर राय, जिला पंचायत सदस्य अनिल कुमार राय, यूसफपुर मार्केटिंग के अध्यक्ष कृष्णकांत राय, सांसद प्रतिनिधि प्रमोद राय, डा. ओमप्रकाश गिरी, सेंट्रल बार के पूर्व अध्यक्ष प्यारेलाल अग्रवाल, राजकिशोर अग्रवाल, नारायण तिवारी, तेजबहादुर यादव, ओमप्रकाश उपाध्याय, कृपाशंकर राय, संदीप उर्फ दीपू गुप्ता, अजय पांडेय, डा. जनक कुशवाहा आदि प्रमुख थे। इस मौके पर गरीबों को कंबल वितरित किया गया। अंत में पवन कुमार त्रिपाठी ने आभार प्रकट किया।