जिला उद्योग, व्यापार और जिला निर्यात प्रोत्साहन समिति की बैठक मंगलवार की शाम को जिला पंचायत सभागार में हुई। इसमें कई विषयों पर चर्चा हुई और निर्णय लिये गये। मंडी समिति (बाजार) दुल्लहपुर की जमीन को अन्य जगह पर स्थानांतरित कर वहां पशु आश्रय स्थल बनाने के संबंध में कई बैठकों से प्रगति शून्य होने पर मुख्य विकास अधिकारी द्वारा चकबन्दी अधिकारी नंदगंज को मामले के निस्तारण का निर्देश दिया गया। उन्होंने चेताया कि तीन दिन के अंदर प्राप्त कर पत्रावली को न्यायालय में प्रस्तुत किया जाए नहीं तो संबंधित के विरुद्ध कार्यवाही की जाएगी।
बैठक में व्यापारियों ने नगर क्षेत्र में जर्जर तारों का जिक्र करते हुए कहा कि इस वजह से कभी भी कोई अप्रिय घटना हो सकती है। इस पर अधिशासी अभियंता विद्युत वितरण खंड प्रथम ने बताया कि बिजनेस प्लान योजना के तहत टेंडर हो गया है। इसमें नगर क्षेत्र के सभी जर्जर तार बदलना शामिल है। साथ ही नगर क्षेत्र में छूटे जर्जर तारों का जल्द जीर्णोद्धार होगा।
उद्यमियों ने बताया कि दूरभाष पर शिकायत दर्ज कराने पर कोई रिस्पांस नहीं मिलता है। इसपर अधिशासी अभियंता ने बताया कि 1912 पर शिकायत दर्ज कराई जा सक ती है। इसपर मुख्य विकास अधिकारी ने अगली बैठक में 1912 पर की गईं शिकायतों और उसपर हुई कार्यवाही का लिखित विवरण मांगा। साथ ही लाकडाउन की मार से व्यापारियों को राहत देने के लिए बिजली विभाग को बकाए को 12 किस्तों में जमा करने की सुविधा देने को कहा।
बैंक मैनेजर की लापरवाही से एजुकेशन लोन पर ब्याज सब्सिडी खाते में क्रेडिट नहीं होने की समस्या भी व्यापारियों ने की। इस पर मुख्य विकास अधिकारी ने व्यापारियों से संबंधित बैंक शाखा का नाम पूछा। व्यापारियों द्वारा बैंक का नाम न बता पाने पर उनको अगली बैठक में सूची सहित उपलब्ध कराने को कहा।
नगर पालिका में वरासत दर्ज करके बकाया टैक्स को 12 किस्तों में भुगतान कराने के प्रस्ताव पर अधिशासी अधिकारी, नगर पालिका परिषद ने बताया कि ऐसी कोई व्यवस्था नहीं है। एक साथ वसूली करने का प्राविधान है। जब तक बकाया धनराशि जमा नहीं होगी, तब तक वरासत नहीं हो सकती है।इस पर सीडीओ ने व्यापारियों को अनुदेश दिया गया कि यह प्रकरण नगर पालिका परिषद का है। इसका प्रस्ताव नगर पालिका परिषद द्वारा निस्तारित कराया जाए।
उद्यमियों द्वारा शहर के विभिन्न मार्गों के क्षतिग्रस्त होने की शिकायत की गई। जिसमें प्रमुख रूप से एमएएच स्कूल से होमियोपैथिक मेडिकल कालेज रौजा तक की सड़क, छज्जा इनार से नखास तक की सड़क, सिंचाई विभाग चौराहे से विकास भवन चौराहे तक, एनसीसी आफिस (शाह फैज स्कूल) से ददरी घाट तक, विशेश्वरगंज बाईपास पुल के नीचे की सड़क है। इसके साथ ही एनएच की सड़क विशेश्वरगंज से महाराजगंज रेलवे क्रासिंग तक, घाट स्टेशन चौराहा से सुखदेवपुर चौराहे तक सड़क की मरम्मत, टाउन हाल मैदान का सुंदरीकरण कराकर पार्क के रूप में विकसित करने की मांग की गई। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि अविलंब इन प्रकरणों पर कार्यवाही प्रारंभ करते हुए क्षतिग्रस्त सड़कों को बनवाया जाए।
नाम सही कराकर टैक्स वसूली करें : सीडीओ
बैठक के दौरान राजकीय सिटी स्कूल लाल दरवाजा के खेल के मैदान के रूप में विकसित करने की बात कही गई। डीआईओएस की उपस्थित न होने पर इस पर कोई विशेष चर्चा नहीं हो सकी। नगर पालिका की दवा मार्केट व अन्य दुकानों का सर्वे कराके वर्तमान धारक का नाम चढ़ाकर टैक्स की वसूली करने को कहा गया।
मुख्य विकास अधिकारी की ओर से अधिशासी अधिकारी को निर्देश दिया गया कि नाम सही कराकर टैक्स की वसूली किया जाए। औद्योगिक आस्थानों के रख-रखाव, खाली भूखंड, भूखंड हस्तानांतरण और अवैध कब्जे के संबंध में चर्चा बैठक में हुई। औद्योगिक आस्थान नंदगंज के रख-रखाव के संबंध में चर्चा किया गया कि नाली बाउंड्री वाल निर्माण के लिए निर्माण विभाग को कार्यावंटन हुआ था। इसके अनुसार कार्य पूर्ण हो जाने के बाद बाउंड्रीवाल का कुछ भाग अवशेष था। इसके लिए अधिशासी अभियंता, पीडब्लूडी सीडी-एक द्वारा 1429 लाख का इस्टीमेट प्रस्तुत किया गया था।