जमानिया। विकासखंड क्षेत्र के धुस्का गांव के ग्रामीणों ने सोमवार को उपजिलाधिकारी को पत्रक सौंपा। इस दौरान सड़क निर्माण कराने की मांग की। ग्रामीणों का कहना है कि नई–बाजार–देवैथा मुख्य सड़क से धुस्का तक सड़क अत्यंत खराब है। जिससे आने-जाने में काफी समस्या हो रही है। प्रतिदिन कोई न कोई व्यक्ति सड़क पर गिरकर चोटिल हो जाता है। इस पर सभी ग्रामीणों ने बैठक कर सर्वसम्मति से निर्णय लिया है कि अगर चुनाव से पूर्व सड़क निर्माण नहीं कराया जाता है तो सभी ग्रामवासी चुनाव का बहिष्कार करेंगे। ग्रामीणों का कहना है कि पांच किलोमीटर की यह सड़क है जिसे दुरुस्त किया जाना अति आवश्यक है। इस संबंध में उपजिलाधिकारी अभिषेक कुमार ने बताया कि लोक निर्माण विभाग के अधिकारी संग मौका मुआयना किया गया है। ग्रामीणों को विभाग की ओर से की गई पत्रावलियों को दिखाया गया है। जल्द निर्माण कराने का प्रयास किया जा रहा है।