हैदरगंज गांव में सपा के जहूराबाद विधानसभा की मासिक बैठक में शामिल कार्यकर्ता। संवाद
मरदह। समाजवादी पार्टी जहूराबाद विधानसभा क्षेत्र के कार्यकर्ताओं की मासिक बैठक मंगलवार को क्षेत्र के हैदरगंज गांव में हुई। इसमें मुख्य अतिथि पूर्व विधायक उमाशंकर कुशवाहा ने कहा कि संगठन की मजबूती ही पार्टी की जीत की गारंटी है। उन्होंने पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर तक संगठन को सक्रिय करने, मतदाता सूची पुनरीक्षण में सहयोग करने और आमजन की समस्याओं को प्राथमिकता से उठाने का आह्वान किया। पूर्व विधायक ने आगामी कार्यक्रमों की रणनीति पर विस्तार से चर्चा करते हुए कहा कि जनसंपर्क अभियान को तेज कर गांव-गांव में पार्टी की नीतियों को बताना होगा। बैठक में तय किया गया कि प्रत्येक सेक्टर और बूथ पर मासिक बैठकें आयोजित की जाएंगी। सड़क, बिजली, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी जनसमस्याओं को लेकर पार्टी कार्यकर्ता जनता के बीच जाएंगे। संगठन को और अधिक सशक्त बनाने तथा आगामी राजनीतिक एवं जनसंपर्क कार्यक्रमों को सफल बनाने का संकल्प भी लिया गया। इस अवसर पर जिला उपाध्यक्ष रविंद्र यादव, रामजन्म चौहान, रामकरन यादव, अवधेश यादव, सुजीत कुमार, कैलाश यादव, अविनाश विद्यार्थी, अमित कुमार, पूजा गौतम, इंद्र कुमार, तरुण कुमार, हरिहर गोड़ आदि मौजूद रहे। बैठक की अध्यक्षता विधानसभा क्षेत्र के अध्यक्ष जयहिंद यादव ने की।