औड़िहार रेलवे स्टेशन के सर्कुलेटिंग एरिया से अतिक्रमण हटाता जेसीबी मशीन। संवाद
औड़िहार। रेलवे प्रशासन की ओर से स्थानीय जंक्शन के सरकुलेटिंग एरिया में सोमवार को अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। इस दौरान कुल 34 अतिक्रमण जेसीबी के माध्यम से हटाए गए। रेलवे प्रशासन के अभियान के कारण अतिक्रमणकारियों में हड़कंप मचा रहा।स्थानीय जंक्शन के सरकुलेटिंग एरिया में सुबह साढ़े 10 बजे रेलवे अधिकारी, रेलवे सुरक्षा बल के जवान जेसीबी संग मौके पर पहुंचे। रेलवे प्रशासन की ओर से पूर्व में ही अतिक्रमणकारियों को नोटिस दे दिया गया था। इस कारण उन्होंने गुमटी व अस्थाई दुकानों से अपने सामान निकाल लिया था। जेसीबी से गुमटी, ठेला, करकट, टीनशेड, झोपड़ी, चबूतरा आदि को हटाया गया। अतिक्रमण हटाओ अभियान दो घंटे तक दोपहर साढ़े 12 बजे तक चला। जेसीबी देखकर अतिक्रमणकारियों में बेचैनी देखी गई। 500 स्क्वायर फीट को अतिक्रमण मुक्त कराया गया। 5 गुमटी, 10 ठेला, 4 टीनशेड, 10 झोपड़ी व 5 चबूतरों को हटाया गया। स्टेशन अधीक्षक दिलीप कुमार सिन्हा ने बताया कि सरकुलेटिंग एरिया के अंदर जो अतिक्रमण था, उसे हटवाया गया है। इस मौके पर सीनियर सेक्शन इंजीनियर कमलेश कुमार, राकेश कुमार सिंह आदि मौजूद रहे।