दिलदारनगर। पूर्व मध्य रेलवे के अंतर्गत दिलदारनगर-ताड़ीघाट ब्रांच लाइन में सीआरएस का निरीक्षण कार्यक्रम संभावित है। इसको देखते हुए दानापुर मंडल के तृतीय अभियंता अमित गुप्ता एवं टीआरडी विभाग के मुख्य अभियंता राम आशीष यादव ने शनिवार की दोपहर टावर वैगन से स्थानीय स्टेशन से ताड़ीघाट तक संयुक्त रूप से भ्रमण कर कार्यो का जायजा लिया। वहीं ताड़ीघाट ब्रांच लाइन के दिलदारनगर बड़ी नहर स्थित थाना रोड रेलवे क्रासिंग को बंद करने के लिए दानापुर से रेलवे विभाग की टीम पहुंची। इसकी जानकारी होते ही भाजपा मंडल अध्यक्ष अमित जायसवाल एवं हाजीपुर जोन के रेल परामर्श दात्री समिति के सदस्य दिलीप जायसवाल ने मंडल के डीआरएम सुनील कुमार से मोबाइल से थाना रोड स्थित रेल क्रासिंग को बंद न कराने के बारे में वार्ता किया। इस पर मंडल रेल प्रबंधक ने अधिकारियों के निरीक्षण के बाद रिपोर्ट प्रस्तुत करने के लिए निर्देश दिया। इस पर अधिकारियों ने बताया कि इस ब्रांच लाइन पर रेल पटरी के साथ इलेक्ट्रिफिकेशन का काम पूरा कर लिया गया है जिसकी रिपोर्ट रेल उच्चाधिकारियों के पास भेजी जाएगी। इस ट्रैक पर विगत तीन मार्च को इलेक्ट्रिक इंजन से इसका सफल ट्रायल भी हो चुका है। सब कुछ ठीक रहा तो दिलदारनगर-ताड़ीघाट ब्रांच लाइन में सीआरएस के निरीक्षण के बाद ही इलेक्ट्रिक इंजन से यात्री गाडियां दौड़ेंगी। इस मौके पर बक्सर के सहायक अभियंता हंसराज मीना, रेल पथ निरीक्षक अखिलेश्वर प्रसाद, स्टेशन अधिक्षक नफीस अहमद खान, रेलवे सुरक्षा बल थाना के प्रभारी निरीक्षक राकेश कुमार, यातायात निरीक्षक संजय कुमार, कार्य निरीक्षक कृष्णमुरारी तिवारी, उमेश कुमार उपस्थित थे।