गाजीपुर। सिटी रेलवे स्टेशन पर ट्रेनों के बढ़ते दबाव के कारण प्लेटफार्मों को विस्तारित किया जा रहा है। ऐसे में अब स्टेशन पर स्टैंडर्ड प्लेटफार्म संख्या चार एवं पांच का निर्माण कराया जाएगा। रेलवे ने दो माह बाद शुरु कराए जाने वाले निर्माण कार्य को लेकर कवायद शुरु कर दी है। 760 मीटर लंबे प्लेटफार्म अत्याधुनिक यात्री सुविधाओं से लैस होंगे। गंगा पर बन रहे रेल कम रोड ब्रिज का निर्माण कार्य जहां तेजी से पूरा हो रहा है। वहीं प्रथम चरण में ताड़ीघाट-मऊ रेलखंड के विस्तारीकरण का कार्य भी चल रहा है। ऐसे में ट्रेनों की संख्या बढ़ने से यात्रियों को परेशानी का सामना न करना पड़े, इसको लेकर रेलवे ने सिटी रेलवे स्टेशन पर चार एवं पांच नंबर प्लेटफार्म निर्माण के लिए तैयारी पूरी कर ली है। सिर्फ वाराणसी-छपरा रेलवे ट्रैक के दोहरीकरण कार्य पूरा होते ही प्लेटफार्म निर्माण का कार्य शुरु हो जाएगा। वर्तमान में सिटी रेलवे स्टेशन पर तीन ही प्लेटफार्म हैं। इन दो प्लेटफार्मों के निर्माण के बाद जहां यात्रियों को सुविधा होगी। वहीं ट्रेनों की संख्या बढ़ने के बावजूद किसी तरह की दिक्कत नहीं होगी। यही नहीं दोनों प्लेटफार्मों की लंबाई 760 मीटर निर्धारित की गई है, जिससे यात्रियों को ट्रेन से उतरते समय किसी तरह की दिक्कत नहीं हो सके। नए बनने वाले प्लेटफार्म नंबर चार एवं पांच पर यात्रियों के ठहरने की भी व्यवस्था की जाएगी। इसके लिए वेटिंग रूम, कुर्सी एवं शौचालय के अलावा पानी के बूथ भी बनाए जाएंगे। वहीं शुद्ध पेयजल के आरओ प्लांट भी लगेंगे। दो माह बाद शुरु होने वाले निर्माण कार्य को लेकर रेलवे की ओर से मानचित्र तैयार करने के साथ अन्य तैयारियां भी शुरू कर दी गई है। अशोक कुुमार, पीआरओ वाराणसी मंडल पूर्वोत्तर रेलवे ने बताया कि सिटी रेलवे स्टेशन पर प्लेटफार्म नंबर चार एवं पांच का निर्माण होगा। यह अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस होगा। दो माह बाद इसके निर्माण की प्रक्रिया शुरू होगी।