मोढ़ रेलवे स्टेशन के पूर्वी फाटक पर खड़ी ट्रेन के सामने ट्रैक का मरम्मत करते कर्मचारी। संवाद
वाराणसी-लखनऊ रेल मार्ग पर मोढ़ रेलवे स्टेशन के पास बुधवार को पटरी मरम्मत का काम किया गया। पूर्वी रेलवे फाटक के पास पटरी में आई खराबी को ठीक करने के लिए सुबह आठ बजे से शाम चार बजे तक फाटक बंद रहा। इससे सरपतहां जाने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। तकनीकी टीम की देखरेख में रेलवे ट्रैक की खराबी दूर करने के साथ जरूरी जांच भी की गई। इस दौरान ट्रेनों को काशन के सहारे गुजारा गया। रेलवे अधिकारियों के अनुसार यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए मरम्मत कार्य कराया जा रहा है। फाटक बंद रहने से जिला मुख्यालय की ओर जाने वाला सरपतहां मार्ग भी प्रभावित रहा। रेलवे के पीडब्लूआई दिग्विजय यादव ने बताया कि बुधवार को निर्धारित समय में काम पूरा कर फाटक शाम चार बजे खोल दिया गया। हालांकि कार्य पूरी तरह पूरा नहीं हो सका है। इसके चलते तीन सितंबर को सुबह आठ बजे से दोपहर तीन बजे तक फाटक फिर बंद रहेगा।