गाजीपुर। ग्रामीणों ने यूरिया की कालाबाजारी की शिकायत की है। इस पर रविवार की रात जिला कृषि अधिकारी ने बहुउद्देशीय ग्रामीण सहकारी समिति लिमिटेड खड़वाडीह के गोदाम पर छापा मारा। जांच में 24 बोरी यूरिया कम पाई गई। कार्रवाई करते हुए गोदाम को सील कर दिया गया। साथ ही जिला कृषि अधिकारी के तहरीर पर गोदाम के इंचार्ज मो. साबिर के खिलाफ शादियाबाद थाने में मुकदमा दर्ज किया गया। जिला कृषि अधिकारी उमेश कुमार ने बताया कि 30 अगस्त को खड़वाडीह के ग्रामीणों ने शिकायत की कि बहुउद्देशीय ग्रामीण सहकारी समिति लिमिटेड पर यूरिया की कालाबाजारी की जा रही है। डीएम अविनाश कुमार के निर्देश पर रात 9.32 बजे मैंने अपर जिला सहकारी अधिकारी निरंकार मौर्य संग बहुउद्देशीय ग्रामीण सहकारी समिति लिमिटेड खड़वाडीह पर पहुंचकर छापा मारा। ग्रामीणों के सामने गोदाम में रखी यूरिया स्टॉक की जांच की गई। इस दौरान गोदाम खुला मिला। समिति पर 30 अगस्त को चालान संख्या 184/8 से 250 बोरी यूरिया पीसीएफ की ओर से भेजा गया। जांच के दौरान गोदाम में 250 बोरी यूरिया के सापेक्ष 226 बोरी यूरिया पाई गई। 24 बोरी यूरिया कम मिली। गोदाम को सील करके सभापति खड़वाडीह को सुपुर्द किया गया। गोदाम के इंचार्ज व प्रभारी सचिव समिति खड़वाडीह मो. साबिर के खिलाफ मेरी ओर से शादियाबाद थाने में तहरीर दी गई। तहरीर के आधार पर मो. साबिर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया।