सभी के खिलाफ विजिलेंस थाने में मुकदमा दर्ज
संवाद न्यूज एजेंसी
गाजीपुर। विद्युत वितरण खंड द्वितीय आमघाट से संबंधित शहर क्षेत्र के आमघाट, चंपियाबाग, ददरीघाट, मछली बाजार, बरबरहना, टाउन हाल, विशेश्वरगंज, महुआबाग में रात में दो बजे से सुबह नौ बजे तक चेकिंग अभियान चलाया। अधिशासी अभियंता सुजीत सिंह के नेतृत्व में टीम ने महुआबाग में एक मकान मालिक को कटिया मारकर बिजली का उपभोग करते पकड़ा।
सहायक अभियंता सुधीर कुमार ने बताया कि शहर क्षेत्र के कई मोहल्लों में कटियामारों के खिलाफ अभियान चलाया गया। टीम ने रात दो बजे के करीब छापा मारकर कुल 40 लोगों को पकड़ा। सभी पर आरोप है कि चोरी से मीटर बाईपास करके विद्युत उपभोग कर रहे थे। सभी लोगों के खिलाफ विजिलेंस थाने में मुकदमा दर्ज करा दिया गया है। टीम में विजिलेंस इंस्पेक्टर धनंजय सिंह, जेई अजय कुमार,कांस्टेबल अवधेश सिंह,आशुतोष दीक्षित,दीपक मिश्रा, अश्वनी पटेल आदि मौजूद रहे।