भड़सर। बिरनों विकासखंड के बघोल (भगवतीपुर) गांव के उचित दर विक्रेता रविंद्र नाथ भारती के खिलाफ राशन वितरण में अनियमितता और कालाबाजारी का मामला सामने आया है। कोटे को निलंबित करते हुए पूर्ति निरीक्षक रविन्द्र प्रताप सिंह ने कोटेदार के खिलाफ रविवार को प्राथमिकी दर्ज कराई है। पूर्ति निरीक्षक रविन्द्र प्रताप सिंह ने बताया कि टीम ने औचक निरीक्षण के दौरान पाया कि दुकान पर स्टाॅक बोर्ड नहीं है और वितरण तिथि का अंकन भी नहीं है। विक्रेता स्टाॅक रजिस्टर और अन्य जरूरी अभिलेख प्रस्तुत नहीं कर सका। दुकान में गेहूं का स्टाॅक नहीं था, जबकि चावल की केवल 66 बोरी ही थी। जबकि विभागीय अभिलेखों के अनुसार दुकान में 48.009 क्विंटल चावल और 2.60 क्विंटल गेहूं उपलब्ध होना चाहिए था। इस प्रकार 17.609 क्विंटल खाद्यान्न कम मिला। जांच के दौरान 71 पात्र गृहस्थी और आठ अन्त्योदय कार्डधारकों ने लिखित बयान देकर आरोप लगाया कि ई-पॉस मशीन पर अंगूठा लगवा लिया गया, लेकिन उन्हें राशन नहीं दिया गया। विभागीय जांच में करीब 20.80 क्विंटल खाद्यान्न वितरण न किए जाने की पुष्टि हुई। पूर्ति निरीक्षक रविंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि शिकायत मिलने पर जांच कराई गई, जिसमें गंभीर अनियमितताएं मिली। इसके बाद कोटे को निलंबित करते हुए कार्रवाई की गई। जंगीपुर थाना प्रभारी जमालुद्दीन ने बताया कि पूर्ति विभाग के अधिकारियों की तहरीर पर कोटेदार के खिलाफ प्राथमिकी दर्जकर जांच शुरू कर दी गई है।