मुहम्मदाबाद में बच्छलकापुरा रामपुर पीपापुल का क्षतिग्रस्त एप्रोच।
- फोटो : GHAZIPUR
मुहम्मदाबाद। बच्छलपुर-रामपुर पीपा पुल का एप्रोच कटान के चलते क्षतिग्रस्त हो जाने से दो दिनों से आवागमन ठप है। ऐसे में लोग परेशान हो रहे हैं। जानकारी होने के बाद भी विभागीय अधिकारी लापरवाह बने हैं। पीपापुल का बच्छलकापुरा सिरा बालू में कटान के चलते क्षतिग्रस्त हो जाने से 19 अप्रैल से आवागमन बंद हो गया था। तीन दिन बाद मरम्मत कर पुल पर पैदल और बाइक का आवागमन शुरु हुआ था। 24 अप्रैल को कटान से पुल का एप्रोच क्षतिग्रस्त हो जाने से आवागमन पूरी तरह से बंद हो गया है। लोगों को जिला मुख्यालय स्थित हमीद सेतु से होकर आना-जाना पड़ रहा है। पुल से जुड़े कर्मचारियों का कहना है कि एप्रोच मरम्मत के लिए लकड़ी का स्लीपर आदि सामान न होने और ठेकेदार की ओर सामान उपलब्ध न कराए जाने की समस्या के चलते मरम्मत कार्य ठीक से नहीं हो पा रहा है। पंचायत चुनाव और वैवाहिक कार्यक्रम के साथ ही गंगा किनारे खेतों में खेती करने वाले किसानों के सामने मड़ाई कर अनाज को घर तक लाना मुश्किल नजर आ रहा है। इस वर्ष प्राकृतिक कारणों से पुल को तीन भाग में बनाया गया। मुख्य धारा में बीच के बने पुल के पास कटान के चलते काफी दिनों तक आवागमन सुचारु नहीं हो सका। काफी प्रयास कर बंडाल बनाकर किनारे पर धारा को मोड़कर किसी तरह पुल को चालू किया गया। नट बोल्ट एवं लकड़ी के स्लीपर की कमी के चलते रेलिंग तक का निर्माण नहीं हो सका। बालू में लगाए गए लोहे की चादरों के तितर-बितर होने से लोग किसी तरह आवागमन करते रहे। सहायक अभियंता विशाल सिंह ने बताया कि पीपापुल के निर्माण कार्य में बलिया जिले के मल्लाह जाति के लोग कार्य करते हैं और वहां 26 अप्रैल को पंचायत चुनाव है, इसलिए वे नहीं आ रहे हैं। चुनाव बाद 27 अप्रैल से वे आ जाएंगे। इसके बाद सामान आदि की व्यवस्था कराकर मरम्मत कराने के साथ पीपापुल को चालू किया जाएगा।