सेवराई। गहमर क्रय केंद्र पर गेहूं की खरीदारी नहीं होने से किसानों ने बुधवार को हंगामा किया। राजकीय क्रय केंद्र गहमर पर गेहूं की बिक्री के लिए पहुंचे किसान दोपहर एक बजे तक किसी भी कर्मचारी और अधिकारी के नहीं पहुंचने से आक्रोशित हो गए। गुस्साए किसानों ने हंगामा करते हुए नारेबाजी करनी शुरु कर दी। किसानों ने कहा कि गेहूं की बिक्री के लिए रजिस्ट्रेशन करवाने के साथ-साथ ऑनलाइन टोकन भी ले लिया है। इसके बावजूद भी गेहूं की खरीदारी नहीं की जा रही है। आरोप लगाया कि क्रय केंद्र के प्रभारी बाहर के मिलरों से मिलीभगत कर उनकी खरीदारी कर रहे हैं। इधर बरसात को देखकर हम काफी परेशान हैं। इस मौके पर ईश्वरचंद सिंह, सोनू सिंह, अजीत सिंह, दयाशंकर सिंह, श्याम नारायण सिंह, गौरी चौरसिया आदि मौजूद थे।