गाजीपुर। इंकलाबी नौजवान सभा और आइसा के कार्यकर्ताओं ने सोमवार को तुलसी सागर लंका स्थित कार्यालय पर प्रतिरोध दिवस मनाया। वक्ताओं ने कहा कि यूपी सरकार वैक्सीन की उपलब्धता पर मंथन करने की बजाय चुनाव पर मंथन कर रही है। आइसा के जिला संयोजक आलोक कुमार रोहित ने कहा कि जनता संक्रमण से जूझ रही है। उनको वैक्सीन की व्यवस्था, मेडिकल किट वितरण करने की बजाय मोदी-योगी सरकार यूपी चुनाव पर मंथन कर रही है। उन्होंने कहा कि दिल्ली से लेकर प्रदेश तक वैक्सीन की मांग हो रही है। लेकिन सरकार इसे अनसुना कर रही है। उन्होंने वैक्सीनेशन के नाम पर आनलाइन रजिस्ट्रेशन की व्यवस्था खत्म हो, सभी लोगों को वैक्सीन लगाई जाए, बेरोजगारी और कमरतोड़ महंगाई की मार झेल रहे युवाओं को दस हजार रुपए लाकडाउन गुजारा भत्ता देने की मांग उठाई। कहा कि अगर सरकार तत्काल यह कदम नहीं उठाती है तो युवा सड़क पर उतर कर प्रतिरोध संघर्ष तेज करेंगे। इंनौस नेता किशन वनवासी ने कहा कि काम न मिलने से गरीबों, मजदूरों की हालत बद से बदतर हो गई है। इस दौरान रामप्यारे राम, योगेंद्र भारती, संजय भारती, रामविलास, रामदेव बिंद, राजेश एकलव्य, शकुंतला देवी, राधेश्याम बिंद ने भी विचार रखे।