दुल्लहपुर। राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ के प्राथमिक संवर्ग के पदाधिकारियों ने सोमवार को जखनिया ब्लॉक शिक्षा केंद्र पर खंड शिक्षाधिकारी निर्लेंदु चौधरी को ज्ञापन सौंपा। इसमें बच्चों की ऑनलाइन फीडिंग और अन्य मुद्दों को लेकर विरोध जताया। कहा कि विभाग की ओर से उपलब्ध कराए गए टैबलेट को सक्रिय करने के लिए सरकारी सिम कार्ड उपलब्ध कराया जाए। शिक्षकों को भी राज्य कर्मचारियों की भांति एक कैलेंडर वर्ष में 31 दिवस का उपार्जित अवकाश प्रत्येक माह के दूसरे शनिवार को स्वीकृत किया जाए। शिक्षकों के आगमन के निर्धारित समय के बाद 30 मिनट तक पांच कार्य दिवस में देर से पहुंचने पर या ढाई घंटे तक देरी होने पर एक आकस्मिक अवकाश स्वीकृत किया जाए। शिक्षकों को भी आकस्मिक अवकाश में हाफ डे लीव का विकल्प प्रदान किया जाए। महाविद्यालय के शिक्षकों की तरह बेसिक शिक्षा परिषद के शिक्षकों को भी प्रीविलेज अवकाश पीएल तथा अवकाश के दिनों में कार्य करने पर प्रतिकर अवकाश का विकल्प मानव संपदा पोर्टल पर प्रदान किया जाए। इस मौके पर हरेंद्र यादव, परमानंद चौहान, पूरणमल करुण, अजय कुमार मौर्य, कमलेश राम आदि मौजूद रहे।