राजस्थान समेत देश के कई प्रदेशों में पांव पसार रहे पशुओं में होने वाले त्वचा रोग लंपी को लेकर प्रशासन अलर्ट हो गया है। जिले में बाहरी पशुओं को लाने पर रोक लगा दी गई है। वहीं पशुपालकों की मदद के लिए कंट्रोल रूम स्थापित कर हेल्पलाइन नंबर भी जारी किया गया है।
पशुपालक हेल्पलाइन नंबर 9340274370 एवं 9839355574 पर फोन कर सलाह ले सकते हैं। पशुओं में लंपी के लक्षण दिखाई देने पर तत्काल नजदीकी पशु चिकित्सालय में संपर्क कर चिकित्सकों की सलाह लें। जनपद में पशुपालन विभाग ने इसको लेकर पशुपालकों को जागरूक करने की कवायद शुरू कर दी है।
मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डा. एसके रावत ने बताया कि पशुओं को होने वाली बीमारी लंपी रोग के लिए जिले मेें रोग से संबंधित सलाह के लिए दो नोडल बनाए गए है। जो पशुपालकों को जरूरी सुझाव के साथ ही पशुओं की सही ढंग से देखभाल करने और लंपी के लक्षण दिखाई देने पर तत्काल सूचित करें, ताकि समय रहते उनका उपचार किया जा सके।
कहा कि यह एक विषाणु जनित संक्रामक बीमारी है, जो गाय और भैस में फैलती है। मक्खी, मच्छरों के काटने से बीमारी का प्रसार होता है। बीमारी से ग्रसित पशुओं को हल्का बुखार, पूरे शरीर पर जगह जगह गांठ दिखते हैं। इसमें पशुओं की मृत्यु दर एक से पांच फीसद तक होती है। कहा कि बीमारी से ग्रसित पशुओं को स्वस्थ पशुओं से अलग रखना है।
पशुओं को मक्खी, मच्छर आदि से बचाना और पशुशाला की नियमित सफाई करते रहना बेहद जरूरी है। पशुओं के शरीर में संक्रमित स्थान की दिन में कई बार फोरमेलिन, ईथर, क्लोरोफार्म अथवा एल्कोहन से सफाई करना चाहिए। संक्रमित पशुओं को संतुलित आहार व हरा चारा दें। यदि पशु की मौत हो जाए तो उसे गहरा गड्ढा खोदकर दफनाएं।
00
जनपद के सभी ब्लाकों पर सबको निर्देश दिया गया है कि अधिक से अधिक पशुपालकों को जागरूक करें। वही जनपद में बाहरी पशुओं को लाना प्रतिबंधित है। जिले में सुझाव के लिए दो नोडल बनाया गया है। जनपद में अभी कोई केस नहीं मिला है।
-डा. एसके रावत, मुख्य पशुचिकित्साधिकारी।