गाजीपुर। डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन की ओर से स्वामी सहजानंद स्नातकोत्तर महाविद्यालय के जीडीसीए मैदान पर गाजीपुर डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट लीग आयोजित की गई है। बुधवार को मवेरिक्स क्लब ने प्रिंस के आतिशी शतक और अभिषेक कश्यप के शानदार 95 रनों की बदौलत एपीआरसी ब्लू को एकतरफा मुकाबले में 328 रन से पराजित कर दिया। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए मवेरिक्स की टीम ने प्रिंस के आतिशी शतक (56 गेंदों पर 101) तथा अभिषेक कश्यप के 86 गेंदों पर 95 रनों की बदौलत निर्धारित 40 ओवर में आठ विकेट के नुकसान पर 365 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। एपीआरसी ब्लू की तरफ से नैतिक यादव ने 4, अमन यादव ने 2 तथा कप्तान राज श्रीवास्तव एवं अश्विनी कुशवाहा ने 1-1 विकेट लिया। 366 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी एपीआरसी ब्लू की पूरी टीम मैच के 17वें ओवर में मात्र 37 रनों पर धराशायी हो गई। मवेरिक्स की तरफ से अमन वर्मा एवं प्रिंस यादव ने 4-4 तथा संदीप निषाद एवं यश यादव ने 1-1 विकेट लिया। आज के मैच में स्मृति राय एवं रोहित ने अंपायर तथा सिद्धार्थ, आयुष, मो. अम्मार, सूर्यांश और अभिनव ने स्कोरर की भूमिका निभाई।