गाजीपुर। राजकीय मेडिकल के लोकार्पण में चार दिन शेष रह गए हैं। ऐसे में कॉलेज प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। उधर, प्राचार्य सोमवार को निर्माण कार्य संबंधित प्रगति रिपोर्ट लेकर लखनऊ रवाना हो गए, जहां उच्चस्तरीय अधिकारियों द्वारा समीक्षा कर तैयारियों पर दिशा-निर्देश दिए जाएंगे। कॉलेज प्रशासन फर्नीचर सहित शेष कार्यों को भी दो सप्ताह में पूरा कर लेगा ताकि कक्षाएं शुरू होने पर किसी तरह की समस्या न आए। चिकित्सा के बेहतर सुविधाओं से वंचित जनपद के लोगों को अब उपचार की आस जग गई है। जबकि डॉक्टरों की कमी से जूझ रहे सरकारी अस्पतालों की भी बेहतन व्यवस्थाएं मिल सकेंगी। राजकीय मेडिकल कालेज के संचालन से जहां डॉक्टरों की नई पौध तैयार होगी। वहीं प्रोफसरों एवं सिनियर चिकित्सकों द्वारा ओपीडी का संचालन किया जाएगा, जिससे दूर-दराज से आने वाले लोगों को बेहतर चिकित्सकीय परामर्श और इलाज की सुविधा मिल सकेगी। उधर, पीएम के नौ जुलाई को लोकार्पण करने की सूचना कालेज प्रशासन को मिलते ही प्राचार्य डा. राजेश सिंह ने निर्माणाधीन कालेज का बीते चार जुलाई को निरीक्षण किया। साथ ही कार्यदायी संस्था के अधिकारियों से प्रगति रिपोर्ट लेकर सोमवार को लखनऊ के लिए रवाना हो गए। प्राचार्य डा. राजेश सिंह ने बताया कि समीक्षा बैठक में ही लोकार्पण संबंधित तैयारियों के निर्देश मिलेंगे। प्रगति रिपोर्ट के साथ लखनऊ पहुंच चुका हूं। बैठक के बाद ही पता चल सकेगा कि लोकार्पण प्रधानमंत्री कैसे करेंगे।