जिले में वर्ष 2023 की हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट की परीक्षा फरवरी के अंतिम सप्ताह या मार्च के प्रथम सप्ताह में शुरू होने की संभावना है। इस परीक्षा के शुरू होने से पूर्व कक्षा-10 और 12 के छात्रों की परीक्षा तैयारी के लिए प्री-बोर्ड परीक्षा का आयोजन किया जाना है। इसके आयोजन के लिए परीक्षा कार्यक्रम की घोषणा कर दी गई है। यह 16 से 20 जनवरी के बीच सभी माध्यमिक विद्यालयों पर कराई जाएगी। इस संबंध में माध्यमिक शिक्षा परिषद के सचिव दिव्यकांत शुक्ल का निर्देश सभी जिलों के प्रधानाचार्यों के पास भेजा गया है। यह निर्देश जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय को भी प्राप्त हुआ है।
जिला विद्यालय निरीक्षक अशोकनाथ तिवारी की ओर से इस संबंध में सभी प्रधानाचार्यों को दिशा-निर्देश भेजा जा रहा है। प्री-बोर्ड परीक्षा कराने का प्रचलन पिछले कुछ वर्षों से चला आ रहा है। उसी व्यवस्था के तहत इस वर्ष होने वाली बोर्ड परीक्षा से पूर्व प्री-बोर्ड परीक्षा कराने का कार्यक्रम सचिव की तरफ से घोषित किया गया है।
प्री-बोर्ड परीक्षा कराने के पीछे यह उद्देश्य है कि बोर्ड की मुख्य परीक्षा शुरू होने से पूर्व छात्र-छात्राओं की परीक्षा की तैयारी पूरा करा ली जाए। इसके अलावा छात्रों को इस परीक्षा से बोर्ड की मुख्य परीक्षा के नियमों और व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी हो सके। प्री-बोर्ड परीक्षा होने के बाद उसका मूल्यांकन विद्यालय के शिक्षकों द्वारा कराकर प्राप्त अंक को माध्यमिक शिक्षा परिषद की वेबसाइट पर अपलोड किया जाएगा। इसकी जिम्मेदारी विद्यालय के प्रधानाचार्य की होगी।
कक्षा नौ से 12 में आनलाइन कक्षाएं चलेंगी
गाजीपुर। जिलाधिकारी के निर्देश के अनुपालन में अत्यधिक शीतलहर को ध्यान में रखते हुए छात्रहित में जिले के सभी बोर्डों से संचालित कक्षा एक से 12 तक के विद्यालयों में 14 जनवरी तक अवकाश घोषित किया गया है। यह जानकारी जिला विद्यालय निरीक्षक अशोकनाथ तिवारी ने दी है। उन्होंने बताया कि कक्षा नौ से 12 में आनलाइन कक्षाएं तथा सीबीएसई एवं आईसीएसई बोर्ड की परीक्षाए यथावत संचालित होती रहेंगी। उन्होंने कहा कि उक्त आदेश का कड़ाई से अनुपालन किया जाए।