गाजीपुर। जिलाधिकारी अविनाश कुमार ने सनीहुआ गांव में कराए गए कार्यों में वित्तीय अनियमितता व धांधली की शिकायत सही पाने पर ग्राम प्रधान को पदच्युत कर दिया है। कासिमाबाद ब्लाॅक के सनेहुंआ गांव के ग्रामीणों ने जनवरी 2025 में जिलाधिकारी से शिकायत की थी कि प्रधान ने विकास कार्यों में 4.12 लाख रुपये की वित्तीय अनियमितता की है। डीएम ने जिला गन्ना अधिकारी से शिकायत की प्राथमिक जांच कराई। इस दौरान जांच में शिकायत सही पाई गई। इसके बाद डीएम ने अंतिम जांच डीआरडीओ के परियोजना निदेशक से कराई। जांच में परियोजना निदेशक ने शिकायत सही पाई और कार्रवाई की संस्तुति के साथ रिपोर्ट जिलाधिकारी को प्रेषित कर दी। इसके बाद डीएम ने डीपीआरओ रमेश चंद उपाध्याय को पत्र भेजकर प्रधान संध्या देवी को पदच्युत करने का निर्देश दिया है। डीपीआरओ रमेश चंद उपाध्याय ने बताया कि जिलाधिकारी के पत्र के आलोक में ग्राम प्रधान को पद से हटा दिया गया है।