सेवराई। तहसील मुख्यालय पर लगे 63 केवीए के ट्रांसफार्मर का केबल बृहस्पतिवार को जल गया, जिससे क्षेत्र की बिजली आपूर्ति ठप हो गई है। शुक्रवार को शाम तक आपूर्ति बहाल नहीं हो पाई थी। तहसील मुख्यालय और सतरामगंज बाजार के सब्जी मंडी मोहल्ले को बिजली आपूर्ति के लिए 63 केवीए का ट्रांसफार्मर लगाया गया है। बृहस्पतिवार की रात ट्रांसफार्मर का केबल जल जाने से दोनों इलाकों की आपूर्ति ठप हो गई। बिजली गुल होने से रात में उमस के चलते लोगों की नींद उड़ गई। वहीं, सुबह पेयजल की समस्या से भी जूझना पड़ा। क्षेत्र के अनिल कुमार, दीपक सिंह, नौशाद, सुजीत कुमार, मंटू श्रीवास्तव आदि ने बताया कि बिजली के साथ पेयजल के लिए कड़ी मशक्कत करनी पड़ रही है। आरोप लगाया कि लाइन मैन जानबूझ कर फाल्ट कर रहे है। वहीं, एक्सईएन हेमंत कुमार ने कहा कि केबल जलने की जानकारी मिली है। जल्द ही फॉल्ट दुरुस्त कराकर बिजली आपूर्ति बहाल की जाएगी।