नंदगंज। बाजार सहित सैकड़ों गांवों में पिछले 18 घंटे से विद्युत आपूर्ति ठप है। उपभोक्ताओं को बिजली से लेकर पानी तक की समस्या झेलनी पड़ रही है। बिजली न रहने से अन्य परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। शनिवार की रात आठ बजे तेज बारिश के कारण सादात विद्युत केंद्र से आने वाले हाईवोल्टेज तार का इंसुलेटर डंडापुर गांव के पास फट गया। इससे क्षेत्र में आपूर्ति ठप हो गई। विभागीय कर्मियों ने रविवार की सुबह साढ़े दस बजे किसी तरह कुछ देर के लिए आपूर्ति बहाल की, लेकिन ब्रेक डाउन होने से पुन: आपूर्ति बाधित हो गई।दीगर है कि मेन लाइन बार-बार खराब होने से नंदगंज बाजार सहित सैकड़ों गांव की विद्युत आपूर्ति आए दिन ठप हो जाती है। इसके फलस्वरुप क्षेत्र के विद्युत उपभोक्ता परेशान तथा दु:खी हैं। एक सप्ताह भी नहीं बीतता है कि हवा के हल्के झोंके से या बारिश से भी मेनलाइन खराब हो जाती है। बहरहाल, रविवार को करीब तीन बजे तक मेन लाइन के फाल्ट को दूर कर आपूर्ति बहाल की गई।बताया जाता है कि मेन लाइन पहले जौहरगंज से आती थी परंतु विभाग पिछले कुछ दिनों से नंदगंज विद्युत उपकेंद्र को सादात से जोड़कर आपूर्ति कर रहा है। ठेकेदार द्वारा खराब सामान लगाने से बार-बार मेन लाइन में खराबी आ जा रही है। इस बारे में जेई रमेश कुमार ने बताया कि डंडापुर में 33 हजार मेन लाइन का इंसुलेटर फट जाने से आपूर्ति बाधित हो गई थी। जिसके बाद रविवार तीन बजे तक मरम्मत कराकर आपूर्ति बहाल कर दी गई है।