बवाड़ा के शिव मंदिर से कोल्हूबीर बाबा को जाने वाला बदहाल मार्ग। संवाद
सुहवल। क्षेत्र के बवाड़ा शिव मंदिर से कोल्हूबीर बाबा स्थल तक जाने वाला करीब ढाई किलोमीटर लंबा संपर्क मार्ग दो साल से बदहाल है। यह मार्ग जगह-जगह गड्ढों में तब्दील हो चुकी है, इससे राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। गांव निवासी आदर्श, दीपक, चंदन, रोहित, अंकित, मोनू ने बताया कि पिछले एक दशक में लोक निर्माण विभाग ने सड़क की मरम्मत के नाम पर खर्च किया, लेकिन स्थिति में कोई स्थाई सुधार नहीं हुआ। निर्माण कार्यों में गुणवत्ता की अनदेखी के कारण सड़क की गिट्टियां उखड़ गई हैं और पूरा मार्ग गड्ढों से तब्दील हो गया। बरसात में गड्ढों में पानी भर जाने से मार्ग पर चलना बेहद जोखिम भरा हो जाता है। अगर समय रहते सड़क की मरम्मत नहीं की गई, तो किसी बड़े सड़क हादसे की आशंका बनी हुई है। लोक निर्माण विभाग के अवर अभियंता शालिग्राम ने बताया कि सड़क की मरम्मत के लिए एस्टीमेट तैयार किया जा रहा है। मानसून से पहले मार्ग को गड्ढामुक्त कर समतल बनाया जाएगा।