गाजीपुर। जिला पंचायत अध्यक्ष का निर्वाचन समय सारिणी के अनुसार कराया जाना है। जिला निर्वाचन अधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने बताया कि नाम निर्देशन 26 जून को दिन में 11 से अपराह्न तीन बजे तक तथा उसके बाद नाम निर्देशन पत्रों की जांच होगी। उम्मीदवारी वापस लेने की तिथि 29 जून पूर्वान्ह 11 से अपरान्ह तीन बजे तक निर्धारित है। मतदान तीन जुलाई को दिन में 11 से अपरान्ह तीन बजे तक तथा उसके बाद मतगणना होगी। उन्होंने बताया कि निर्वाचन को सकुशल संपन्न कराने के लिए उनकी ओर से निर्वाचन अधिकारी के दायित्वों का निर्वहन किया जाना है। निर्वाचन अधिकारी के सभी कृत्यों या किसी भी कृत्यों को करने के लिए सहायक निर्वाचन अधिकारियों की तैनाती की गई है। सहायक निर्वाचन अधिकारी का नाम मुख्य विकास अधिकारी श्रीप्रकाश गुप्ता मो.नं.-9454417104 एवं मुख्य राजस्व अधिकारी सुशीललाल श्रीवास्तव मो.न.- 9454417074 है। उन्होंने नियुक्त सहायक निर्वाचन अधिकारियों को निर्देश दिया कि कलेक्ट्रेट स्थित जिला मजिस्ट्रेट के न्यायालय कक्ष में नियत समय से उपस्थित होकर राज्य निर्वाचन आयोग के आदेशों, निर्देशों एवं सुसंगत नियमों, अधिनियमों का अध्ययन करते हुए उक्त निर्वाचन प्रक्रिया को निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण संपन्न कराने में अपना पूर्ण योगदान देंगे।