गाजीपुर। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में मतदाताओं ने झूमकर मतदान किया। जिले के 16 विकासखंडों में कराए गए मतदान में जहां बिरनो ब्लाक के मतदाताओं ने सबसे अधिक मतदान किया। वहीं भदौरा ब्लाक के मतदाताओं में मतदान को लेकर रुचि कम दिखाई दी।विभिन्न पदों के लिए मतदान सुबह सात बजे से शुरु होकर शाम छह बजे तक चला। इस दौरान कई मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की कतार लगी रहने के कारण निर्धारित समय से कुछ अधिक समय तक मतदान कराया गया। देर शाम संपन्न हुए मतदान में जिले के सभी सोलह विकासखंडों में 29 लाख 23 हजार 400 मतदाताओं में से 64.51 प्रतिशत मतदाताओं ने मताधिकार का प्रयोग किया। मतदान करने के मामले में बिरनो विकासखंड के मतदाता जहां अव्वल रहे वहीं भदौरा ब्लाक के मतदाता इस मामले में सबसे पीछे रहे। कंट्रोल रूम से मिली जानकारी के अनुसार भांवरकोल में 62 प्रतिशत, रेवतीपुर 59, सदर 66, करंडा 64, मरदह 68, सैदपुर 62.50 तथा देवकली में 68 फीसदी लोगों ने मतदान किया। इसके अलावा भदौरा में 57.50, मनिहारी 67.66, जमानिया 64.50, जखनिया 66, कासिमाबाद 67, बिरनो 68.50, सादात और बाराचवर 63-63 तथा मुहम्मदाबाद ब्लाक में 65.50 प्रतिशत मतदाताओं ने मतदान किया।