जमानिया। कोतवाली क्षेत्र के जुनेदपुर मोहल्ला स्थित एक पोल्ट्री फार्म पर संदिग्ध परिस्थितियों में करेंट लगने से एक युवक की मंगलवार को मौत हो गई थी। इस मामले में बुधवार को मृतक के पिता ने किसी पर आरोप न लगाते हुए दुर्घटना की तहरीर दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मालूम हो कि नगर के नई बस्ती चांदपुर मुहल्ला निवासी रजिंदर शर्मा का पुत्र आशुतोष शर्मा (30) क्षेत्र के जुनेदपुर मुहल्ला में स्थित एक पोल्ट्री फार्म पर मंगलवार को दिन में करीब डेढ़ बजे संदिग्ध परिस्थितियों में करेंट लगने से गंभीर रूप से झुलस गया था। घटना की सूचना मिलते ही छोटा भाई रोहित शर्मा (20) अचेत होकर गिर पड़ा था। उसे प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया था। जबकि आशुतोष की गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया था। यहां से डाक्टरों ने वाराणसी के लिए रेफर कर दिया था। वाराणसी जाते समय रास्ते में युवक की मौत हो गई थी। बुधवार को परिवार के लोगों ने घटना की तहरीर कोतवाली में दी। इस संबंध में कोतवाल राजीव कुमार सिंह ने बताया कि मृतक के पिता ने घटना के लिए किसी को दोषी न ठहराते हुए दुर्घटना की तहरीर दी। इस पर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।