गाजीपुर। जिले में दूर्गा पूजा को लेकर रायफल क्लब में बैठक हुई। जिलाधिकारी एमपी सिंह एवं पुलिस अधीक्षक डा. ओमप्रकाश सिंह ने पूजा समितियों से कहा कि वह चौराहों और सड़कों के किनारे मूर्तियों की स्थापना न करें। कोविड 19 के निर्देशों को हर हाल में पालन किया जाना है। जिलाधिकारी ने कहा कि अपने-अपने घरों पर मूर्ति स्थापित कर पूजन अर्चन कर सकते हैं लेकिन मूर्तियों का आकार छोटा रहे तथा मूर्ति विसर्जन के समय केवल पांच व्यक्तियों को ही अनुमति दी जाएगी। उन्होंने कहा कि आयोजन स्थल पर थर्मल स्क्रीनिंग और हैंड सेनेटाइजर की उपलब्धता रहनी चाहिए। आयोजन स्थल पर प्रवेश एवं निकास के अलग-अलग द्वार रखा जाएगा। यहां उन्हीं लोगों को प्रवेश की अनुमति होगी जिनमें कोरोना के लक्षण नहीं होंगे। साथ ही उनके पास फेस मास्क सैनिटाइजर मौजूद रहे और वे सोशल डिस्टेंसिंग का पालन अनिवार्य रूप से करेंगे। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम में 65 वर्ष से ज्यादा के व्यक्ति एवं 10 वर्ष से कम उम्र के बच्चे और गर्भवती महिलाएं शामिल नहीं होगी। बैठक में सभी उपजिलाधिकारी, सभी क्षेत्राधिकारी, दुर्गा पूजा समिति एवं रामलीला कमेटी के पदाधिकारी उपस्थित थे।