सादात। थाना क्षेत्र में कोरोना महामारी को देखते मुहर्रम का जुलूस निकालने पर पाबंदी होगी। लोग ताजिया को चौक पर भी नहीं रख सकते हैं। थानाध्यक्ष अगम दास ने शनिवार को नगर में पुलिस टीम के साथ मोटरसाइकिल से मार्च करते हुए माइक से लोगों को यह संदेश दिया। उन्होंने लोगों से लाकडाउन का पालन करने की अपील की। मोटरसाइकिल से चक्रमण करते हुए पुलिस कर्मी जगह-जगह रुक कर लोगों को हिदायत देते रहे कि अगर कोई भी व्यक्ति मुहर्रम पर जुलूस निकालने, चौक पर ताजिया रखने, नारेबाजी आदि करते हुए पाया जाएगा तो उसके खिलाफ कडी़ कार्रवाई की जाएगी। पुलिस दल ने नगर के मुख्य बाजार से होते हुए, टेड़िया मुह्लला, पुरानी बाजार, सैयदबाड़ा का चक्रमण करने के बाद क्षेत्र के मुस्लिम बाहुल्य गांव मखदूमपुर, बरवांकला, मजुई, मौधिया बाजार का चक्रमण किया। इस मौके पर एसआई, जनार्दन प्रसाद, केके उपाध्याय, शमीम अंसारी, विष्णु प्रताप आदि उपस्थित थे।