रेवतीपुर ब्लाक क्षेत्र के परिषदीय स्कूलों की सूरत पीएमश्री योजना से संवारी जाएगी। इसके लिए विभाग की ओर से ब्लाक से 25 स्कूलों की सूची भेजी जा चुकी है। केंद्र सरकार की ओर से निर्धारित छह और राज्य सरकार की ओर से 10 बिंदुओं पर विद्यालयों का आकलन करने के बाद ब्लाक के दो विद्यालयों का चयन कर उन्हें आधुनिक सुविधाओं से लैस किया जाएगा।
रेवतीपुर के बीईओ अशोक कुमार गौतम ने बताया कि यह केंद्र सरकार की योजना है। इसका मुख्य उद्देश्य केंद्रीय विद्यालय यानी नवोदय की तर्ज पर अपग्रेड कर कक्षा एक से बारह तक शिक्षा व्यवस्था देना है। ब्लाक से पचीस विद्यालयों की सूची भेजी जा चुकी है, लेकिन इनमें से दो का ही चयन होना है। इसके लिए निर्धारित 60 मानकों में से जो अधिकतम मानक पूरा करेंगे उन्हीं विद्यालयों का चयन इस योजना के तहत किया जाएगा।
बीईओ ने बताया कि चयन के लिए जो मानक निर्धारित हैं उनमें सौर पैनल और एलईडी लाइट, प्राकृतिक खेती के साथ पोषण उद्यान, अपशिष्ट प्रबंधन, प्लास्टिक मुक्त, जल संरक्षण और संचयन, पर्यावरण की सुरक्षा से संबंधित परंपराओं-प्रथाओं का अध्ययन जैसे पर्यावरण, नवीनतम तकनीक, स्मार्ट कक्षा, खेल और आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर आदि हैं। बताया कि इन विद्यालयों में नई शिक्षा नीति के तहत पढ़ाई होगी।
इन स्कूलों में प्रैक्टिकल, समग्र, एकीकृत, वास्तविक जीवन की स्थितियों पर आधारित पढ़ाई कराई जाएगी। इनमें स्मार्ट कक्षा, पुस्तकालय, कौशल प्रयोगशाला, खेल का मैदान, कंप्यूटर प्रयोगशाला, विज्ञान प्रयोगशाला आदि सभी सुविधाएं होंगी। ब्लाक से जो दो स्कूलों (एक प्राथमिक और एक माध्यमिक/ उच्च माध्यमिक) का चयन किया जाएगा। बताया कि पीएम श्री स्कूलों के चयन और निगरानी के लिए स्कूलों की जियो-टैगिंग की जाएगी।