गाजीपुर। वाराणसी मंडल के तहत अमृत भारत योजना में चयनित सिटी रेलवे स्टेशन पर होने वाले विकास कार्यों का शिलान्यास प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करेंगे। प्रधानमंत्री 26 फरवरी को वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए शिलान्यास करेंगे।
अमृत भारत योजना के तहत 16.63 करोड़ की लागत से विभिन्न विकास कार्य प्रस्तावित हैं। सिटी रेलवे स्टेशन पर 26 फरवरी को विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन भी होना तय है। छात्र सिटी रेलवे स्टेशन पर अपनी प्रतिभा का जादू बिखेरेंगे।
पूर्व में भारतीय रेल पर 2047 का विकसित भारत, विकसित रेलवे विषयक निंबध, वाक् एवं पेंटिंग का आयोजन स्कूलों में किया गया था। इन प्रतियोगिताओं का परीक्षा परिणाम जारी किया जाएगा। साथ ही प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान पर आने वाले छात्रों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा। वहीं अमृत भारत योजना के तहत सिटी रेलवे स्टेशन पर विभिन्न प्रकार के विकास कार्य होने प्रस्तावित हैं। इसके तहत सिटी रेलवे स्टेशन के कैंपस में एयरपोर्ट की तर्ज पर पार्किंग व्यवस्था होगी। कार्य कराने की जिम्मेदारी कार्यदायी संस्था के रूप में गति शक्ति को दी गई है। सिटी रेलवे स्टेशन पर विकास कार्य कई फेज में होने प्रस्तावित हैं। पूर्वोत्तर रेलवे के जनसंपर्क अधिकारी अशोक कुमार ने बताया कि 26 फरवरी को प्रधानमंत्री वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए शिलान्यास करेंगे।