20 शहरी पथ विक्रेताओं को दिए प्रमाण-पत्र, उत्कृष्ट कार्य करने वाले 11 कर्मचारी सम्मानित
सांसद वीरेंद्र सिंह मस्त विभागों द्वारा लगाए गए स्टालों का निरीक्षण कर जानकारी ली
संवाद न्यूज एजेंसी
गाजीपुर। प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के तहत बृहस्पतिवार को लंका मैदान में स्वनिधि महोत्सव का आयोजन हुआ। बलिया सांसद वीरेंद्र सिंह मस्त, जिला पंचायत अध्यक्ष सपना सिंह, डीएम आर्यका अखौरी और एडीएम अरूण सिंह ने फीता काटकर और दीप प्रज्जवलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
कार्यक्रम में बेसिक शिक्षा की छात्राओं ने स्वागत गीत गाकर मुख्य अतिथि एवं अन्य विशिष्ट अतिथि का स्वागत किया। इस दौरान लोक कला मंच के गायक राकेश कुमार ने पीएम स्वनिधि योजना को गीत के माध्यम से प्रस्तुत किया। वहीं, कार्यक्रम से पूर्व मुख्य अतिथि वीरेंद्र सिंह मस्त ने विभिन्न बैंको, स्वयं सेवी संस्थानों, बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार विभाग समेत अन्य विभागों द्वारा लगाए गए स्टालों का निरीक्षण कर जानकारी ली।
सांसद ने अपने संबोधन में कहा कि पीएम स्वनिधि योजना पूरे देश के गांव, कस्बो, पटरी पर लगाने वाले ठेला, खोमचा आदि छोटे दुकानदारों की समृद्धि के लिए कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि यह योजना ग्रामीण अर्थव्यवस्था के शक्तिशाली होने का आधार बनेगा और इसी रास्ते से होकर आत्म निर्भर भारत का रास्ता निकलेगा।
जिलाधिकारी आर्यका अखौरी ने पीएम स्वनिधि योजना की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि प्रधानमंत्री ने एक जून 2020 को कोरोना काल के दौरान गांवों, कस्बों, शहरो में पटरी पर रेहड़ी, ठेला, खोमचा आदि जैसे छोटे दुकानदारों की समृद्धि एवं उनके जीविकोपर्जन के लिए इस योजना का शुभारंभ किया था। इस वर्ष भी स्वनिधि महोत्सव मनाया जा रहा है। आज यहां अच्छी ऋण साख, डिजिटल लेन-देन का प्रयोग करने वाले वेन्डर्स को सम्मानित किया जा रहा है।
जिला पंचायत अध्यक्ष सपना सिंह ने प्रधानमंत्री का धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि इस योजना के माध्यम से लाखों गरीब दुकानदारों का जीवन समृद्धि की तरफ अग्रसर हुआ है। इस अवसर जिला नगरीय विकास अभिकरण (डूडा), नगर पालिका परिषद गाजीपुर, जिला स्वास्थ्य समिति, उपायुक्त उद्योग जिला उद्योग एवं प्रोत्साहन तथा उद्यमिता विकास केन्द्र समेत अन्य विभागों की ओर से स्टाल लगाकर लोगों को जानकारी दी गई।
वहीं, कार्यक्रम के दौरान पीएम स्वनिधि योजना के तहत 20 शहरी पथ विक्रेताओं को प्रमाण-पत्र तथा इस इस योजना में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 11 कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। साथ ही 10 लाभार्थियों को परिचय बोर्ड वितरित किए गए। इसके साथ ही प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी के पांच लाभार्थियों को प्रतिकात्मक आवास की चाभी वितरित किया गया।
मोटे अनाज को बढ़ावा देने तथा इस क्षेत्र मे उत्कृष्ट कार्य करने वाले बाल विकास एव पुष्टाहार विभाग के दो मुख्य सेविकाओं एवं नौ आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन नेहरू युवा केंद्र के लेखा एवं कार्यक्रम सहायक सुभाष चंद्र प्रसाद और आभार परियोजना अधिकारी डूडा ने किया।