सुहवल। रेवतीपुर थाना क्षेत्र के रामपुर गांव के पास गंगा नदी स्थित दो तहसीलों सेवराई एवं मुहम्मदाबाद को जोड़ने वाला प्रमुख पीपापुल का एप्रोच बीते 23 अप्रैल की रात गंगा के तेज बहाव के चलते कट गया। इसके कारण दोनों तरफ से आवागमन पूरी तरह से बंद हो गया है। ऐसे में क्षेत्रीय लोगों को अब करीब 30 किमी की अधिक दूरी रेवतीपुर, पकड़ी, डेढ़गावां, सुहवल से मेदनीपुर होते हुए मुहम्मदाबाद आना जाना पड़ रहा है। वहीं एप्रोच के टूटने के बाद लोगों ने इसकी सूचना महकमें को दे दी गई, लेकिन अभी तक पीपापुल के क्षतिग्रस्त एप्रोच की मरम्मत महकमें के द्वारा नहीं किया जा सका है। ऐसे में लोगों में विभाग के प्रति रोष व्याप्त है।
ग्रामीणों ने बताया कि इस पीपापुल के एप्रोच के नीचे की मिट्टी पिछले कई दिनों से पानी के तेज प्रवाह के कारण कट रही थी। इसकी सूचना महकमें को पूर्व में दे दी गई थी, लेकिन अगर विभाग पहले सचेत हो गया होता और एप्रोच के कटान को रोकने का उपाय किया गया होता तो शायद आज एप्रोच क्षतिग्रस्त नहीं हुआ होता। लोगों ने यह भी बताया कि पिछले कई दिनों से राहगीर जान जोखिम में डालकर इस पीपापुल से आवागमन कर रह थे। यह तो संयोग रहा कि एप्रोच रात में क्षतिग्रस्त हुआ अन्यथा दिन में होने पर बड़ा हादसा हो सकता था। ग्रामीणों ने बताया कि इस पीपापुल की सुरक्षा भी भगवान भरोसे है। इसकी रेलिंग जगह जगह टूटी हुई है। पुल के ऊपर लगाए गए लकड़ी के स्लीपर जर्जर हो चुके हैं। वहीं बिछाई गई लोहे की प्लेटें बिखरी पड़ी हैं। बावजूद महकमा पुल की सुरक्षा और राहगीरों के सुरक्षित आवागमन को लेकर पूरी तरह से लापरवाह बना हुआ है। इस संबंध में लोक निर्माण विभाग खंड तृतीय के अवर अभियंता महेंद्र मौर्य ने बताया कि पीपापुल के क्षतिग्रस्त एप्रोच के मरम्मत का कार्य जारी है, जिसके अगले दिन तक पूरा कर आवागमन बहाल कर दिया जाएगा।