रेवतीपुर थाना क्षेत्र के पकड़ी चट्टी के पास बाइक सवार को बचाने के चक्कर में रविवार को श्रद्धालुओं से भरी पिकअप अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में आठ लोग घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया। इधर पुलिस मामले की छानबीन में जुटी हुई है।
औरंगाबाद से करीब 20 से 25 श्रद्धालु पिकअप में सवार होकर मां कामाख्या धाम दर्शन करने के लिए जा रहे थे। पकड़ी चट्टी के पास अचानक सामने से आ रही बाइक को बचाने के चक्कर में पिकअप अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में पूजा (17), जया देवी (29), बुधिया देवी (50), अवनीश (12), मनीष (14), पुष्पा (30), आलोक (12) और प्रमिला देवी (40) घायल हो गई। चीख-पुकार सुनकर ग्रामीण घटना स्थल की तरफ दौड़ पड़े। श्रद्धालुओं को पिकअप से बाहर निकाला। इधर हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम भी मौके पर पहुंच गई और सभी घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। जहां सभी का उपचार चल रहा है। घायलों ने बताया कि औरंगाबाद निवासी संजीव कुमार ने नई गाड़ी ली हुई थी, जिसकी पूजा कराने के लिए मां कामाख्या धाम ले जा रहे थे। इस संबंध में थानाध्यक्ष पन्ने लाल ने बताया कि सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां उनका उपचार चल रहा है।