अब ग्रामीणों को आधार में मोबाइल नंबर जुड़वाने या पहले से फीड गलत मोबाइल नंबर को सुधरवाने के लिए भागदौड़ नहीं करनी पड़ेगी। डाक विभाग अब यह सेवा गांव में ही डाक सेवक के जरिये उपलब्ध कराएगा। डाक विभाग की ओर से उपभोक्ताओं को बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयास किया जा रहा है। इसी क्रम में इंडिया पोस्ट पेमेंट बैंक की ओर से ग्रामीण डाक सेवकों को खाता खोलने के लिए एक स्मार्ट फोन एवं बायोमैट्रिक डिवाइस उपलब्ध कराई गई है। अब इसी स्मार्ट फोन के माध्यम से डाक सेवक उपभोक्ताओं के आधार कार्ड पर मोबाइल नंबर जोड़ने के साथ ही गलत नंबर को ठीक करने का काम भी करेंगे। इसके लिए उपभोक्ता को निर्धारित शुल्क 50 रुपये देने होंगे। आधार कार्ड पर मोबाइल नंबर दर्ज कराने तथा गलत नंबर ठीक करने के कार्य के लिए यूआईडीएआई से पचास डाकसेवकों की आईडी बनवा दी गई है। जिले के 280 डाक सेवकों के पास मोबाइल और डिवाइस उपलब्ध है। शेष डाक सेवकों की आईडी बनवाने की कवायद की जा रही है। मालूम हो कि जिले में एक प्रधान डाकघर, 53 उप डाकघर एवं 326 शाखा डाकघर हैं। इस संबंध में इंडिया पोस्ट पेमेंट बैंक के वरिष्ठ प्रबंधक उदयशंकर उपाध्याय ने बताया कि यूआईडीएआई से पचास डाक सेवकों की आईडी बनवाई गई है। शेष डाक सेवकों की आईडी बनवाने का कार्य किया जा रहा है। डाक सेवकों की ओर से आधार पर मोबाइल नंबर जोड़ने एवं गलत नंबर को ठीक करने का कार्य किया जा रहा है।