टोक्यो ओलंपिक में शनिवार को जेवलिन थ्रो में भारत के नीरज चोपड़ा को स्वर्ण पदक मिलने पर खेल प्रेमी खुशी से उछल पड़े। एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर और आतिशबाजी कर खुशी का इजहार किया। नीरज चोपड़ा से स्वर्ण पदक की उम्मीद लगाये लोग टोक्यो ओलंपिक में जेवलिन थ्रो की प्रतियोगिता शुरु होने पर टीवी और मोबाइल पर चिपके रहे। जैसे ही नीरज को स्वर्ण मिलने की घोषणा हुई लोग खुशी से झूम उठे। एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर और आतिशबाजी कर खुशी का इजहार किया। पूर्व खिलाड़ी सरदार गुरुचरन सिंह ने कहा कि नीरज के स्वर्ण पदक पाने पर देश का गौरव बढ़ा है। अवकाश प्राप्त शिक्षक सुरेश राय ने कहा कि उसकी सफलता से हर भारतीय का सीना फूल गया है। देश के लिये यह खुशी का क्षण है। समाज सेवी शिक्षक राजेश राय पिंटू ने कहा कि ओलंपिक में स्वर्ण पदक का सपना पूरा कर नीरज ने इतिहास रच दिया है। यह हर भारतीय के लिए गौरव का क्षण है। यूसुफपुर बाजार में लोगों ने भारत को स्वर्ण मिलने पर खुशी जताते हुए मिष्ठान वितरण किया।