नवली गांव में एनएच-124सी के किनारे बने मकानों को तोड़ते लोग। संवाद
रेवतीपुर। बिहार को जोड़ने वाले 38.600 किलोमीटर लंबे ताड़ीघाट-बारा नेशनल हाईवे 124-सी पर मंगलवार को अतिक्रमणकारी खुद अपना अतिक्रमण हटाने लगे। नवनी गांव के पास अतिक्रमणकारियों को अपने पक्के मकानों पर खुद हथौड़ा चलाना शुरू किया गया। एनएच विभाग की ओर से नोटिस मिलने के बाद से अतिक्रमणकारियों में हड़कंप मचा हुआ है। अतिक्रमणकारियों को भय सता रहा है कि एनएच का बुलडोजर चलेगा, तो जुर्माना भी वसूला जाएगा। इसको देखते हुए ताड़ीघाट-बारा नेशनल हाईवे 124-सी पर नवली गांव के पास लोगों ने अपने पक्के अतिक्रमण पर हथौड़ा चलाकर उसको तोड़ना शुरू किया। एनएच विभाग का दावा है कि हाईवे के अतिक्रमणमुक्त होने से यातायात सुगम होगा। इसके साथ ही सुरक्षा भी सुनिश्चित होगी। अतिक्रमण चिह्नित करते हुए भदौरा से मेदनीपुर तक 100 लोगों को नोटिस भेजा गया है। अधिशासी अभियंता मृतुंजय यादव ने बताया कि मंत्रालय के निर्देश पर हाईवे के मध्य से दोनों तरफ दस-दस मीटर के दायरे में आने वाले हर अवैध अतिक्रमण को हटाया जाएगा। कुछ जगहों पर लोग खुद अतिक्रमण हटाना शुरू कर दिए हैं। अगर निर्देश के बाद भी लोगों ने अतिक्रमण नहीं हटाया तो विभाग खुद अतिक्रमण हटाने के साथ ही लोगों से जुर्माना वसूलेगा।