मौसम का उतार -चढ़ाव बच्चों और बुजुर्गों पर भारी पड़ रहा है। सुबह और शाम की ठंड, दिन में धूप लोगों को बीमार बना रही है। सर्दी-जुकाम के साथ ही छोटे बच्चों को उल्टी और दस्त की शिकायत आ रही है।
सीएचसी-पीएचसी की ओपीडी में मौसम से जुड़ी बीमारी के 60 प्रतिशत मरीज पहुंच रहे हैं। चिकित्सक बता रहे हैं कि बीमारी का दायरा अभी और बढ़ेगा। क्योंकि गर्म और ठंड से शरीर का संतुलन बिगड़ता है। इससे लोग तेजी से बीमार होते हैं। पिछले डेढ़ माह से घना कोहरा और ठंड का कहर जारी था। इसी बीच धूप होने लगी। लेकिन सुबह और शाम की ठंड में कमी नहीं आई है। दिन में धूप को देखकर लोग गर्म कपड़े पहनना कम कर दिए हैं। जो उनके लिए घातक साबित हो रहा है।
आंकड़ों पर गौर करें तो सीएचसी भदौरा के अलावा बारा पीएचसी में आने वाले मरीजों में 60 प्रतिशत सर्दी, जुकाम और बच्चों को उल्टी और दस्त हो रहे हैं। बारा पीएचसी के चिकित्सक सत्यदेव अजीत सिंह ने बताया कि सर्दी, जुकाम, बुखार और सीने में दर्द के मरीज अधिक हैं। अभी मरीजों की संख्या और बढ़ने की संभावना है।