गाजीपुर। श्रम विभाग और अमर उजाला के संयुक्त तत्वावधान में शनिवार को विकास भवन के सभागार में पेंशन योजना के लिए पंजीकरण कैंप लगाया जाएगा। दोपहर 12 बजे से शुरू होने वाले कैंप में समाचार पत्र विक्रेता पंजीकरण करा सकेंगे। प्रधानमंत्री श्रम योगी मानधन योजना के तहत 60 वर्ष की आयु के तीन हजार रुपये प्रतिमाह पेंशन मिलेगी। हालांकि इसके लिए 60 वर्ष की उम्र तक 55 से 200 रुपये प्रतिमाह प्रीमियम के रूप में जमा करने होंगे। 15 हजार से कम मासिक वेतन पाने वाले असंगठित क्षेत्र के कर्मचारी श्रमिक और अन्य कामगार इस योजना का लाभ उठा सकते हैं। श्रम प्रवर्तन अधिकारी लईक अहमद ने बताया कि समाचार पत्र विक्रेता भी इसके पात्र होंगे। पंजीकरण कराने वाले पात्र वितरक के लिए प्रीमियम की राशि का निर्धारण उम्र के आधार पर होगा। 18 वर्ष के वितरक को सबसे कम 55 रुपये और 40 वर्ष के वितरक को 200 रुपये प्रत्येक माह देने होंगे। 29 वर्ष की आयु पूरी करने वाले वितरक को 100 रुपये प्रीमियम के रूप में देना होगा। प्रीमियम राशि 60 वर्ष की आयु तक जमा करनी होगी। पेंशन खाते में इतनी ही राशि सरकार भी जमा करेगी। पंजीकरण कराने वालों को श्रम विभाग की अन्य योजनाओं का भी लाभ मिलेगा।