जमानिया। स्टेशन बाजार में शुक्रवार की सुबह जाम लगने से लोग घंटों परेशान रहे। ट्रेन पकड़ने जाने वाले सहित अन्य काम के लिए सड़क पर निकले लोग जूझते रहे। शुक्रवार को स्टेशन के गांधी चौक से सब्जी मंडी‚ गल्ला मंडी और राधा कृष्ण मंदिर तक जाम लगा रहा। तीनों रास्ते में जाम होने से लोगों को घंटों परेशानी का सामना करना पड़ा। स्टेशन बाजार की मुख्य सड़क के दोनों तरफ फुटपाथ पर सब्जी, मछली विक्रेता‚ फल‚ अंडा की दुकानें लग जाती हैं। यही नहीं, कारोबारी अपनी दुकानें सड़क की पटरी पर सजा देते हैं। इससे सड़क संकरी हो गई है और जाम की समस्या से राहगीर परेशान होते हैं। इससे वाहन चालकों सहित पैदल, साइकिल सवार लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। जाम की वजह से लोगों के ट्रेन तक छूट जाती है तो स्कूली बच्चों को भी विद्यालय पहुंचने में देरी होती है। इसे लेकर कुछ दिन पूर्व प्रभारी निरीक्षक द्वारा बैठक कर वन–वे और भारी वाहनों की दिन के समय नो इंट्री लगाने को लेकर चर्चा की गई थी, जिसपर लेकिन अभी तक अमल न होने से जाम की समस्या दिन पर दिन गहराती जा रही है। शुक्रवार को लगी जाम इतनी भीषण थी कि पैदल चलने वालों को भी घंटों जाम से जूझना पड़ा। ज्ञात हो कि पुलिस विभाग की ओर से 12 दुकानदारों पर इसको लेकर कार्रवाई भी की गई है, लेकिन यह कार्रवाई नाकाफी ही साबित हो रही है।