जमानिया। क्षेत्र के बड़ेसर गांव स्थित दैत्रावीर बाबा मंदिर के पास से हेतिमपुर गांव स्थित महिला महाविद्यालय के पास तक राष्ट्रीय राजमार्ग-24 की सड़क की पटरियों पर बोल्डर रख देने से राहगीरों के लिए परेशानी खड़ी हो गई है। इन बोल्डरों की वजह से हादसों का खतरा भी बढ़ गया है। सिंचाई विभाग की ओर से गंगा नदी के किनारे बोल्डर लगाने की तीन परियोजना पर कार्य किया जा रहा है। इस कारण राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे सड़क की पटरी पर बोल्डर गिराया गया है। इससे सड़क की पटरी पर पैदल और साइकिल से चलने वाले लोग मजबूर होकर सड़क पर चल रहे हैं। हमेशा दुर्घटना का डर बना रहता है। रात के अंधेरे में कई बार राहगीर इन बोल्डरों से टकराकर चोटिल हो जा रहे हैं। बोल्डर हटाने को लेकर किसी का ध्यान नहीं है। सिंचाई विभाग की ओर से कराया जा रहा बोल्डर का कार्य धीमी गति से चल रहा है जिससे इनको हटाने में महीनों लग जाएगा। ऐसे में बोल्डर और ढाबा के पास पटरी पर सड़क के किनारे ट्रकों के खड़े होने की वजह से वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। जानकारी के बाद भी किसी स्तर से ध्यान नहीं दिया जा रहा है।