बारिश के बाद जमीन संदल गांव में जमा गंदा पानी। संवाद
सैदपुर विकास खंड के जमीन संदल गांव में जल निकासी की नाली और पोखरी को पाटकर बनाए गए खड़ंजे से ग्रामीणों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। खड़ंजे के बीच जमीन से काफी ऊंचाई पर ह्यूम पाइप डाले जाने से बारिश के पानी की निकासी बाधित हो गई है। ऐसे में बारिश का पानी आसपास के करीब 40 घरों में घुस रहा है। इससे गांव में जलभराव के साथ ही बाढ़ जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई है। ग्राम निवासी जगरनाथ बिंद, भीम बिंद, रणधीर, कन्हैया और रामजतन बिंद ने बताया कि पहले गांव में बारिश के पानी की निकासी आसानी से हो जाती थी। जिस स्थान पर पानी की निकासी का मार्ग और पोखरी थी, उसे पाटकर खड़ंजे का निर्माण करा दिया गया। खड़ंजे के बीच पानी की निकासी के लिए ह्यूम पाइप लगाया गया है, लेकिन पाइप जमीन से काफी ऊंचाई पर होने के कारण बारिश का पानी उसमें प्रवेश नहीं कर पा रहा है। ग्रामीणों ने बताया कि पानी खड़ंजे के आसपास जमा होकर घरों की ओर जाने लगता है। पहली ही बारिश में कई स्थानों पर जलभराव हो गया। इससे लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। घरों के आसपास पानी जमा होने से संक्रामक बीमारियों का खतरा भी बना हुआ है। सैदपुर के एडीओ पंचायत रमेश चंद्र सिंह ने बताया कि मामले की जानकारी मिली है। टीम के साथ जांच कराकर समस्या का समाधान कराया जाएगा। संबंधित जेई के खिलाफ भी जांच कराई जाएगी। दोषी पाए जाने पर कार्रवाई की जाएगी।