सिटी स्टेशन पर पुराने फुटओवर ब्रिज का मलबा यात्रियों के लिए परेशानी का सबब बन गया है। पिछले कई महीने से फुटओवर ब्रिज को तोड़ा जा रहा है, लेकिन अभी तक न पुलिया पूरी तरह से ध्वस्त हुई और न ही मलबा हटाया जा रहा है। इस कारण प्लेटफार्म नंबर दो और तीन पर यह मलबा बेतरतीब बिखरा पड़ा है। प्लेटफार्म पर मलबा बिखरने के कारण यात्रियों को ट्रेन पर चढ़ते और उतरते समय मलबे से निकले सरिया, ईंट से चोट लग जाती है। लोगों ने इसकी शिकायत स्टेशन के अधिकारियों से की लेकिन अब तक मलबे के टुकड़े जस का तस पड़े हैं। इस बारे में स्टेशन अधीक्षक रामायण यादव का कहना है कि पिछले डेढ़ महीने से पुलिया को ध्वस्त करने का काम चल रहा है। बारिश के कारण ध्वस्तीकरण का काम धीमा हो गया है। निर्माण विभाग इस काम को कर रही है। जल्दी ही प्लेटफार्म से मलबा भी हटा लिया जाएगा। रविवार की शाम दिल्ली के लिए ट्रेन का इंतजार कर रहे यात्री भीम ने कहा कि स्टेशन के अधिकारियों की लापरवाही के चलते मलबा यहां पड़ा है। करीब एक महीने पहले जब मैं दिल्ली से लौटा था तब भी यह मलबा जस का तस पड़ा था और आज भी वैसे ही पड़ा है। स्टेशन पर अपने किसी रिश्तेदार को छोड़ने आए शिवम का कहना है कि मलबा पड़े रहने से प्लेटफार्म पर चलना भी मुश्किल हो गया है। ट्रेन आने पर भीड़-भाड़ की स्थिति में खतरा बढ़ जाता है। प्लेटफार्म दो और तीन पर कई ट्रेनें रूकती हैं। जिससे लोगों का आवागमन भी काफी रहता है। ऐसे में स्थानीय रेलवे प्रशासन की ओर से मलबे को छोड़े रखना खतरनाक है।